अकेला खड़ा ठूंठ
जिसे छोड़ा गया है
इस उम्मीद से
यह फिर हरा-भरा होगा
इस पर नये
पत्ते लगेंगे
फल आएंगे
छाँव तले
विश्राम लेंगे
थके-मांदे लोग
आश्रय स्थल होंगी
अनगिनत जीवों की
इनकी फैली भुजायें।
पर ठूंठ सोचता है
देखता है
अपने चारों ओर
केवल मैदान
कोई संगी-साथी नहीं
अकेला खड़ा वो
उम्मीद उसकी टूटती है
इच्छा नहीं उसे अब
फिर से
हरा भरा हो जाने की
किसी के
भूख-थकान मिटा
बन आश्रयदाता
हो महान जग में
पूज्य कहलाने की।
अपने साथियों की तरह
उसे भी कट जाना है
दूसरों के स्वार्थों के हित
स्वयं ही मिट जाना है।
Comments
Loading comments…